सर्दियों में शकरकंद खाने से शरीर गर्म रहेगा, साथ इन खतरनाक बीमारियों से बचेंगे

सर्दियों में शकरकंद खाने से शरीर गर्म रहेगा, साथ इन खतरनाक बीमारियों से बचेंगे

सेहतराग टीम

सर्दियों ने दस्तक दे दी है। जहां एक तरफ सर्द हवाएं लोगों को परेशान कर रही हैं, वहीं दूसरी तरफ कई तरह की बीमारियां ने भी दस्तक देनी शुरू कर दी है। सर्दी-जुकाम, बुखार आना इस मौसम में आम होती हैं। ऐसे में शरीर की इम्यूनिटी का मजबूत होना काफी जरूरी होता है, साथ ही इस मौसम में शरीर को गर्माहट भी चाहिए होती है, जिसके लिए हम गर्म चीजों का सेवन करते हैं और साथ ही गर्म कपड़े भी पहनते हैं। लेकिन आप शायद ये नहीं जानते होंगे कि शकरकंद (Sweet Potato) खाने से न सिर्फ सर्दियों (Winter) में शरीर को गर्मी मिलती है, बल्कि ये हमें कई गंभीर बीमारियों से बचने में भी मदद करता है। तो चलिए जानते हैं इस बारे में।

पढ़ें- वजन घटाने के लिए ज्यादा प्रोटीन लेने के 5 साइड इफेक्ट

दरअसल, शकरकंद में फाइबर, कैल्शियम, प्रोटीन, आयरन, मैग्नीशियम, पोटेशियम, विटामिन-ए, बी और सी मौजूद होते हैं और ये सभी पोषक तत्व हमारे शरीर के लिए काफी फायदेमंद होते हैं। शकरकंद में मौजूद पोटेशियम की वजह से ये हमारे हृदय को स्वस्थ (Heatly Heart) रखने में मददगार होता है। साथ ही ये हमारे बल्ड प्रेशर को नियंत्रित रखने में भी मदद करता है। इससे हृदय से जुड़ी जो भी समस्याएं होती हैं, उनके खतरे को कम करने में मदद मिलती है। ऐसे में अगर हृदय से जुड़ी बीमारियों में लाभ लेना हो, तो शकरकंद का सेवन इसमें काफी मदद कर सकता है।

डायबिटीज यानि मधुमेह के मरीजों के लिए वैसे तो खतरा हमेशा ही बना रहता है, लेकिन मौसम अगर सर्दियों का हो तो ये जोखिम ज्यादा बढ़ने का डर लगा रहता है। लेकिन अगर आप इसमें मदद चाहते हैं तो आप शकरकंद का सेवन कर सकते हैं। साल 2008 में इसको लेकर एक अध्ययन किया गया, जिसमें पाया गया कि सफेद चमड़ी वाले शकरकंद के अर्क ने टाइप 2 डायबिटीज वाले लोगों में इंसुलिन की संवेदनशीलता में सुधार किया। इसलिए शकरकंद को डायबिटीज के मरीजों के लिए सही माना जाता है।

शकरकंद कैंसर के जोखिम को कम करने में भी मददगार होता है। इसमें बीटा-कैरोटीन का एक स्त्रोत पाया जाता है। ये एक प्लांट पिगमेंट है जो कि शरीर में एक शक्तिशाली एंटीऑक्सीडेंट के रूप में काम करता है। वहीं, बीटा-कैरोटीन भी एक प्रोविटामिन है जो कि बाद में हमारे शरीर में विटामिन-ए के रूप में बदल जाता है। एंटीऑक्सीडेंट प्रोस्टेट और फेफड़ों के कैंसर समेत कई प्रकार के कैंसर के जोखिम को कम करने में मदद कर सकते हैं।

सर्दियों में सांस से जुड़ी समस्या जैसे अस्थमा के मरीजों को काफी दिक्कतें होती हैं। ऐसे में शकरकंद के सेवन से अस्थमा से पीड़ित लोगों में सूजन को कम करने में मदद मिलती है। वहीं, सर्दी के मौसम में खांसी-जुकाम, वायरल बुखार और इम्यूनिटी कमजोर होने जैसी चीजें होती हैं। लेकिन शकरकंद में विटामिन-सी होने की वजह से ये आपकी इम्यूनिटी को मजबूत कर सकता है। इसके अलावा शकरकंद शरीर में आयरन को अवशोषित करने और खून की कमी को पूरा करने में मदद करता है।

इसे भी पढ़ें-

रोजाना अंडे खाइए और तनावमुक्त रहिए, जानें क्या कहता है रिसर्च

Disclaimer: sehatraag.com पर दी गई हर जानकारी सिर्फ पाठकों के ज्ञानवर्धन के लिए है। किसी भी बीमारी या स्वास्थ्य संबंधी समस्या के इलाज के लिए कृपया अपने डॉक्टर की सलाह पर ही भरोसा करें। sehatraag.com पर प्रकाशित किसी आलेख के अाधार पर अपना इलाज खुद करने पर किसी भी नुकसान की जिम्मेदारी संबंधित व्यक्ति की ही होगी।